आगामी धान खरीदी की तैयारी: प्रशासन ने की समीक्षा बैठक और प्रशिक्षण सत्र



सूरजपुर //08 नवंबर 2025 जिले में आगामी धान खरीदी कार्य को सुचारू एवं पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से आज कलेक्टर श्री एस. जयवर्धन की अध्यक्षता में अधिकारियों की बैठक एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। बैठक में जिला पंचायत सीईओ श्री विजेंद्र सिंह पाटले, अपर कलेक्टर श्री जगन्नाथ वर्मा, सभी एसडीएम, डिप्टी कलेक्टर,खाद्य अधिकारी, उप संचालक कृषि, खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग के अधिकारी, सहकारी बैंक के प्रतिनिधि, तहसीलदार, नायब तहसीलदार, कृषि विभाग के अधिकारी, आर.ए.ई.ओ. कृषि, पटवारी एवं अन्य संबंधित अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।


बैठक के दौरान समितियों की प्रारंभिक तैयारियों की समीक्षा की गई और धान खरीदी केंद्रों में आवश्यक सुविधाओं की जानकारी ली गई। कलेक्टर श्री जयवर्धन ने अवैध धान को जिले में आने से रोकने के लिए नियमित एवं सख्त मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए। जिले की सीमाओं पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश भी दिए। उन्होंने संग्रहण केंद्रों की तैयारी, बारदाना की व्यवस्था  की तैयारी एवं परिवहन व्यवस्था के सम्बन्ध में जानकारी प्राप्त की।

इस दौरान कलेक्टर ने खरीदी की प्रक्रिया को पूर्ण पारदर्शिता एवं निष्पक्षता के साथ संचालित करने के लिए दिशा-निर्देश दिए गए।  उन्होंने अधिकारियों से कहा कि धान खरीदी के दौरान किसानों के रकबा समर्पण के मामलों में कार्य शीघ्रता से पूर्ण किया जाए ।

इस दौरान सभी आरएईओ  को समितियों में डी सी एस सर्वे में धान रकबा के आंकड़े, एग्रीस्टेक पंजीयन किसानों की जानकारी, किसानों द्वारा लिए गए ऋणों की जानकारी रखने के निर्देश दिए। इसके साथ ही आवश्यकतानुसार किसानों को सभी आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए ताकि धान खरीदी में किसी भी प्रकार की समस्या न हो।

इस प्रशिक्षण सत्र के दौरान उपस्थित सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को बिंदुवार ढंग से धान खरीदी की संपूर्ण प्रक्रिया से अवगत कराया गया ताकि बिना किसी समस्या के धान खरीदी किसानों से की जा सके और किसानों को किसी भी प्रकार की समस्या न हो। इस दौरान बताया गया कि धान खरीदी प्रक्रिया में टोकन तुंहर हाथ एप की सहायता से प्रत्येक पंजीकृत किसान संबंधित उपार्जन केन्द्र में स्वयं के द्वारा निर्धारित तिथि में धान विक्रय हेतु टोकन प्राप्त कर सकेंगे।

अवैध धान भंडारण पर प्रशासन की बड़ी कार्रवाई, 418 बोरी धान जप्त



सूरजपुर। कलेक्टर श्री एस. जयवर्धन के निर्देशन में जिले में अवैध धान भंडारण एवं परिवहन के विरुद्ध सख्त की जा रही है।  इसी क्रम में आज चंदौरा स्थित राहुल गुप्ता किराना स्टोर से लगभग 250 बोरी अवैध रूप से भंडारित धान को जप्त किया गया। वहीं ग्राम इंजानी नेवारीपारा, तहसील ओडगी क्षेत्र में भी राजस्व अमले द्वारा हरिप्रसाद (पुत्र रामकुमार), निवासी ग्राम खोड़ के पास भंडारित धान की जांच की गई। इस दौरान 168 बोरी अवैध धान जब्त किया गया।  इस दौरान सुरेश कुमार आयाम पिता देवसाय के घर से 60 बोरी (लगभग 30 क्विंटल), बबई सिंह पिता जानसाय के घर से 54 बोरी (लगभग 30 क्विंटल) और शोभनाथ पिता धर्मसाय के घर से 54 बोरी (लगभग 30 क्विंटल) जब्त किया गया। इस कार्यवाही में कुल मिलाकर तीन पिकअप वाहनों में लगभग 90 क्विंटल धान जब्त किया गया।



उल्लेखनीय है कि प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध धान क्रय-विक्रय और भंडारण पर सख्त प्रतिबंध है। ऐसे मामलों में निरंतर निगरानी रखी जा रही है । जिले की सीमाओं पर भी लगातार निगरानी रखते हुए राजस्व एवं पुलिस विभाग की संयुक्त टीम द्वारा कार्यवाही की जा रही है। ऐसे मामलों में दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी।