वंदेमातरम की 150वीं वर्षगांठ पर जिले में होंगे विविध कार्यक्रम
सूरजपुर, 06 नवंबर 2025

भारत सरकार के संस्कृति मंत्रालय, नई दिल्ली के निर्देशानुसार ‘वंदेमातरम’ की 150वीं वर्षगांठ के उपलक्ष्य में जिलेभर में विशेष कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। यह आयोजन चार चरणों में ग्राम पंचायत, जनपद, जिला एवं राज्य स्तर पर संपन्न होंगे।

जिला प्रशासन से प्राप्त जानकारी के अनुसार —

प्रथम चरण: 07 से 14 नवंबर 2025

द्वितीय चरण: 19 से 26 जनवरी 2026

तृतीय चरण: 07 से 15 अगस्त 2026

चतुर्थ चरण: 01 से 07 नवंबर 2026 तक आयोजित किए जाएंगे

कार्यक्रम का शुभारंभ 07 नवंबर 2025 को प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के करकमलों द्वारा किया जाएगा। इस अवसर पर सुबह 10 बजे से 11 बजे तक दूरदर्शन के माध्यम से राष्ट्रीय स्तर के कार्यक्रम का सीधा प्रसारण किया जाएगा। प्रसारण के पश्चात देशभर में एक साथ ‘वंदेमातरम’ का सामूहिक गायन किया जाएगा।

जिले में इस ऐतिहासिक अवसर को यादगार बनाने के लिए विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम, रैली, वाद-विवाद प्रतियोगिताएं तथा देशभक्ति आधारित आयोजन किए जाएंगे। प्रशासन ने सभी नागरिकों से इन कार्यक्रमों में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की है ताकि वंदेमातरम की गूंज हर गांव और हर घर तक पहुंचे।