*-क्लस्टर मे शामिल गांव द्वारा 2719 आवेदन के विरुद्ध 1658 आवेदनों का निराकरण किया जा चुका है
छत्तीसगढ़ हाई टेक न्यूज़ /सूरजपुर/01 मई 2025/* जनपद पंचायत रामानुजनगर के ग्राम सेन्दुरी में पहुंचा प्रशासनिक अमला। सुशासन तिहार में प्राप्त आवेदनों के गुणवत्तापूर्ण निराकरण के संबंध में कलेक्टर श्री एस.जयवर्धन द्वारा की गई समीक्षा।
ग्राम पंचायत भवन सेन्दुरी मे सर्व विभाग प्रमुखों की उपस्थिति में विभागवार सुशासन तिहार के अंतर्गत प्राप्त आवेदन और मांग का एक एक कर अवलोकन किया गया और मौके पर ही आवेदन और मांग की प्रकृति के अनुरूप निराकरण हेतु मार्गदर्शन देते हुए समाधान किया गया। आज की समीक्षा में विभिन्न ग्राम पंचायतों का क्लस्टर सेन्दुरी अंतर्गत बनाकर समीक्षा किया गया था। जिसमें पटना, साल्ही, आमगांव, जगरनाथपुर, राजापुर, सेन्दुरी, सागरपुर, कोट, गोपीपुर, चंद्रपुर, तेलसरा, रामपुर, परशुरामपुर, पम्पापुर, सोनपुर इत्यादि ग्राम शामिल थे। क्लस्टर अंतर्गत आने वाले गांव द्वारा 2719 आवेदन किये गये थे , जिनमे से 1658 आवेदन का निराकरण हो चुका है। इस समीक्षा से इन सभी 15 गांव के आवेदकों के आवेदन का निराकरण गुणवत्तापूर्ण हो इस पर विशेष बल दिया गया और बचे हुए शेष आवेदनों पर भी शीघ्र निराकरण हेतु आवश्यक दिशा निर्देश दिये गए। कलेक्टर ने राजस्व संबंधित आवेदनों को प्राथमिकता देने की बात कही, इसके साथ ही अविवादित प्रकरणों के शीघ्र निराकरण के निर्देश राजस्व अमले को दिये। इसके साथ ही राशन कार्ड, बिजली से संबंधित आवेदनों पर आवश्यक दिशा निर्देश दिये गए। ड्राइविंग लाइसेंस से संबंधित आवेदन के लिए एक नियत तिथि पर शिविर लगाने के निर्देश दिये गये।
समीक्षा में डीएफओ श्री पंकज कमल, जिला पंचायत सीईओ श्रीमती कमलेश नंदिनी साहू, एसडीएम श्री अजय मोडियम, डिप्टी कलेक्टर श्रीमती चांदनी कंवर, सर्व जिला अधिकारी एवं रामानुजनगर के खण्ड स्तरीय अधिकारी उपस्थित थे।


